बदायूं, 22 अप्रैल: जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने मंगलवार को गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बिनावर से दातागंज तक के निर्माण क्षेत्र का दौरा कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अडानी ग्रुप के बिनावर स्थित बेस कैंप का भी दौरा किया। इसके बाद उन्होंने अपने शिविर कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने 23 अप्रैल को तहसील दातागंज में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य में और तेजी लाई जा सके।
प्रदेश सरकार द्वारा मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाले लगभग 594 किलोमीटर लंबे 6-लेन गंगा एक्सप्रेस-वे का 91 किलोमीटर हिस्सा बदायूं जिले से होकर गुजरता है। यह हिस्सा ब्यौर कासिमाबाद (तहसील बिसौली) से शुरू होकर दातागंज के कुंडरा मजरा तक फैला है।
एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट गोविन्द स्वामी ने जानकारी दी कि परियोजना को चार ग्रुपों में बांटा गया है—ग्रुप 01 से 04। इसमें ग्रुप 02 का कार्य एचजी इंफ्रा को सौंपा गया है, जिसकी लंबाई 151 किलोमीटर है। पटेल इंजीनियरिंग ग्रुप 03 और आईटीपी सीमेन्टेशन ग्रुप 04 का निर्माण कर रही हैं, जबकि ग्रुप 01 का कार्य आईआरबी इंफ्रा को दिया गया है, जिसमें एलएनटी और सीडीएस सहयोग कर रहे हैं।
बदायूं जिले में एचजी इंफ्रा द्वारा 85 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें से 86% कार्य पूर्ण हो चुका है। जिले में तीन इंटरचेंज—वनकोटा, बिनावर और दातागंज बनाए जा रहे हैं, जिनका कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त एक रेलवे ओवरब्रिज का 96% कार्य भी पूर्ण हो चुका है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस हिस्से को जून 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वैभव शर्मा, एचजी इंफ्रा के सीनियर मैनेजर दीपक सिंह राठौड़, प्लानिंग मैनेजर अभिमन्यु शर्मा और अडानी ग्रुप के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर सचिन धमान्डा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
