आजमगढ़, 28 अप्रैल 2025।
जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आज पुलिस लाइन स्थित पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना और अपर पुलिस अधीक्षक नगर शैलेंद्र लाल द्वारा जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए दोनों अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मौके पर जाकर शिकायतों की तत्काल, निष्पक्ष और न्यायोचित जांच कराएं और शिकायतकर्ताओं को शीघ्र न्याय दिलाएं।
एसएसपी हेमराज मीना ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में आने वाली हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा और लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनता का पुलिस पर विश्वास बनाये रखने के लिए हर शिकायत का विधिक निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से किया जाना चाहिए।
जनसुनवाई में काफी संख्या में फरियादी पहुंचे, जिनकी शिकायतों को गंभीरता से दर्ज कर कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
